लगातार चढ़ने के बाद बंगाल में फिर गिरा पारा
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत राज्य के अन्य हिस्सों में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को राजधानी कोलकाता में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो सामान्य से दो डिग्री कम है।
पिछले तीन दिनों से तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा था। इसके अलावा अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो सामान्य है। अधिकतम तापमान भी सप्ताह की शुरुआत से सामान्य से अधिक रह रहा था।
तापमान गिरने की वजह से ठंड बढ़ी है। कोलकाता के अलावा हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, पुरुलिया, बांकुड़ा समेत राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान में हल्की कमी दर्ज की गई है। हालांकि 15 जनवरी को मकर संक्रांति के बाद तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है। हिन्दुस्थान समाचार ओम प्रकाश