हर्षवर्धन को उद्योग विभाग, विक्रमादित्य को PWD का जिम्मा; गृह विभाग CM सुक्खू ही देखेंगे
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने 4 दिन के जद्दोजहद के बाद मंत्रियों के पोर्टफोलियो का आवंटन कर दिया है। उन्होंने हर्षवर्धन चौहान को उद्योग विभाग और विक्रमादित्य सिंह को लोक निर्माण विभाग (PWD) का जिम्मा सौंपा है।
सोलन से विधायक एवं मंत्री धनीराम शांडिल को तीन-तीन विभाग दिए गए हैं। उन्हें महत्वपूर्ण स्वास्थ्य महकमे के अलावा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और लेबर एंड एम्प्लॉयमेंट डिपार्टमेंट भी दिया गया है।
वहीं चंद्र कुमार को कृषि और पशुपालन, हर्षवर्धन चौहान को उद्योग के अलावा पार्लियामेंट्री अफेयर व आयुष, जगत सिंह नेगी को राजस्व, बागवानी और जनजातीय विकास विभाग दिया गया।
शिक्षा महकमा रोहित ठाकुर के हवाले
जुब्बल कोटखाई से विधायक एवं मंत्री रोहित ठाकुर को उच्च व प्रारंभिक शिक्षा, तकनीकी और वोकेश्ननल एजुकेशन का जिम्मा दिया गया है। कसुम्पटी से विधायक एवं मंत्री अनिरुद्ध सिंह को पंचायत राज एवं ग्रामीण विकास विभाग और शिमला ग्रामीण से विधायक एवं मंत्री विक्रमादित्य सिंह को PWD के अलावा यूथ सर्विस और खेल विभाग सौंपा गया।
खुद ये विभाग देखेंगे CM
वित्त विभाग, सामान्य प्रशासन, गृह, प्लानिंग, कार्मिक (पर्सनल ) विभाग और दूसरे विभाग (जो किसी मंत्री को नहीं दिए गए) खुद मुख्यमंत्री देखेंगे। डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री को जल शक्ति, ट्रांसपोर्ट और भाषा कला एवं संस्कृति विभाग का दायित्व सौंपा गया है।
दिन में CPS को विभाग, शाम को मंत्री को दे दिए
सरकार ने दोपहर के वक्त एक आदेश जारी किया था, जिसमे PWD और स्वास्थ्य विभाग देखने के लिए मुख्यमंत्री ने अपने साथ CPS संजय अवस्थी को अटैच किया था। देर शाम जारी आदेशों में दोनों विभाग शांडिल और विक्रमादित्य सिंह को दे दिए गए हैं।